google-site-verification: google29ff83529a400fc5.html संस्कार/Sanskara: कहानी बाली और सुग्रीव की

सोमवार, 6 अप्रैल 2020

कहानी बाली और सुग्रीव की

(यह कहानी विभिन्न स्रोतों को आधार बनाकर लिखी गई है।)
एक समय की बात है। भगवान शिवशंकर सृष्टि रचियता ब्रम्हा जी के पास पहुंचे और उनसे कहा कि कलिकाल में उनके पुत्र वेदों का महात्म्य क्षीण हो जाएगा। पाप पुण्य हो जायेगा। पुराण, उपनिषद और शास्त्रों को कोई नहीं मानेगा। वेदों को मानने वाले नपुंसकों की भांति होकर विधर्मियों के धर्मों के अनुयायी हो जायेंगे। मानव मानव का शत्रु हो जायेगा। विधर्म धर्म का स्थान ले लेगा और महाविनाश होगा। ब्रम्हदेव यह सब देखेंगे पर कुछ कर नहीं सकेंगे। यह सुनकर ब्रम्हाजी की आंखों से आंसू निकला। यह आंसू समुद्र में गिरा और इससे एक वानरमुखी मानव को जन्म हुआ। इस पुरुष का नाम था रिक्षराज। रिक्षराज ने जन्म के पश्चात जल में अपना मुख देखा और अपना कुरुप चेहरा देखकर पुन: समुद्र में कूद गये। अब समुद्र में उनके स्थान पर एक अतीव सुंदर स्त्री प्रकट हुई। इसका नाम रिक्षिका था।
रिक्षिका ने ब्रम्हाजी की तपस्या की और उनके निर्देशानुसार देवराज इंद्र को तपस्या द्वारा प्रसन्न किया। इंद्र ने रिक्षिका को एक महाबली पुत्र की माता बनने का वरदान दिया और अंतर्धान हो गये। इसके पश्चात रिक्षिका ने सूर्यदेव की आराधना की और उन्होंने भी रिक्षिका को एक शक्तिशाली पुत्र होने का वरदान दिया।
कालांतर में रिक्षिका ने इंद्र के वरदान से बाली और सूर्य के वरदान से सुग्रीव नामक वानर बालकों को जन्म दिया।
बाली और सुग्रीव ने दक्षिण भारत में पम्पापुर सरोवर के पास एक विशाल साम्राज्य की स्थापना की।
बाली इंद्र का पुत्र होने पर विशाल देह का स्वामी था। वह सूर्योदय के समय पवन मार्ग से होकर सप्तमहासागरों पर जाकर सूर्य को अघ्र्य देता और फिर वापस लौटकर राजकाज में लग जाता। बाली ने समुद्र मंथन के समय मंदराचल पर्वत तक को उसके स्थान से हिला दिया था। समुद्र मंथन से प्रकट दिव्य सुंदरी तारा से उसका विवाह हुआ था। बाली को वरदान था कि उसके शत्रु की आधी शक्ति उसमें आ जायेगी।
एक भी कहा जाता है कि बाली ने रावण को पूंछ में लपेट लिया था। जिसका उसको भास भी नहीं था। वह रावण को लेकर यहां-वहां घूमता रहा और बाद में मित्रों द्वारा बताये जाने पर उसने रावण को छोड़ दिया। ऐसा भी कहा जाता है कि वह रावण को कांख में दबाकर ले गया था।
सुग्रीव सूर्य का पुत्र था और बल में बाली से बहुत कमतर था पर वह स्वभाव से शांतिप्रिय था। वहीं बाली क्रोधी और अधीर स्वभाव का था। बाली की बढ़ती शक्ति के कारण लोग उसकी वीरता की मिसाल दिया करते थे। एक बार मयदानव का ज्येष्ठ पुत्र दुंदुभी, जो एक विशाल महिष यानी भैंसे के रूप में रहा करता था, अपने बल का प्रयोग करने के लिये समुद्र के पास गया और उसे ललकारने लगा। समुद्र ने उससे कहा कि वह उसके बराबर शक्तिशाली नहीं है। उसे कदाचित हिमवान कैलाश से जाकर बलाबल का परीक्षण करना चाहिये। वह उसके बराबर शक्तिशाली हैं।
इसके बाद दुंदुभी कैलाश पर्वत के पास पहुंचा और महानाद करके उसे युद्ध की चुनौती देने लगा। अब कैलाश दुंदुभी के सम्मुख प्रकट हुए और उसको समझाया कि वह उसके बराबर के शक्तिशाली नहीं हैं। उसको यदि बलाबल का परीक्षण करना ही है तो वह पम्पापुर जाकर वानरराज बाली से युद्ध करे वह ही उसके बराबर के शक्तिशाली हैं।
अब दुंदुभी बकारता हुआ पम्पापुर जा पहुंचा और बाली को चुनौती दी। बाली दुंदुभी के सामने जा पहुंचा और उसे मार डाला। वह इतने क्र्रोध में था कि दुंदुभी के शव को उठाकर चार योजन दूर फेंक दिया। दुंदुभी के शव के गिरते ही उससे रक्त की बूंदें उछली और मतंग ऋषि केे आश्रम पर जा गिरी। यह देखकर मतंग क्रोध में आ गये और शाप दिया कि यदि बाली इस क्षेत्र से एक योजन के क्षेत्र में आया तो तुरंत ही मर जाएगा। बाली से बहुत क्षमा मांगी पर मतंग ने उसे क्षमा नहीं किया। इसी एक योजन क्षेत्र में दो पर्वत आते थे-रिष्यमूक और मलयाद्री।
दुंदुभी के मरने के बाद उसका छोटा भाई मयपुत्र मायावी दुखित हो गया और मदिरा का सेवन कर यदाकदा पम्पापुर पहुंचकर बाली को दुर्वचन कहने और चुनौती देने लगा।
एक दिन मायावी फिर बाली को चुनौती देने पहुंचा। आज बाली के धैर्य ने उत्तर दे दिया और वह मायावी को मारने के लिये निकल पड़ा। सुग्रीव भी उसके साथ चला गया। मायावी डर के मारे एक गुफा में जा घुसा। बाली भी यहां जा पहुंचा और सुग्रीव को द्वार पर तैनात कर वह गुफा के अंदर चला गया। एक वर्ष बाद गुफा से खून की धारा बहती हुई बाहर निकलने लगी। यह देख सुग्रीव भयभीत हो गया। वह यह सोचकर कि मायावी ने बाली को मार डाला है अब वह बाहर आकर उसे मार डालेेगा, गुफा के द्वार को एक बड़ी शिला से बंदकर भागकर वापस आ गया। यहां सभी ने उसका राजतिलक कर उसे राजा बना दिया पर बाली मायावी को मारकर शिला हटाकर बाहर आ गया।
उसने वापस आकर सुग्रीव को बुरी तरह मारा। सुग्रीव प्राण बचाकर रिष्यमूक पर्वत पर पहुंच गया। बाली यहीं नहीं रुका और अपनी ही भ्रातृवधु रूमा को बलात अपनी पत्नी बना लिया। इसके बाद लंकापति रावण भगवती सीता का अपहरण कर ले गया और भगवान श्रीराम लक्ष्मण सहित उनको ढूंढते हुए रिष्यमूक पर्वत पर पहुंचे और महावीर हनुमान के सुझाव पर सुग्रीव से मित्रता कर बाली का वध कर सुग्रीव को पम्पापुरी का राजा बना दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

खामोश आवाजें भी बोलती है, जब दिल के ग्रामोफोन पर यादों के रिकार्ड के साथ आती हैं। उनका प्यार, उनकी फिक्र हर वो बात जो उनको हमसे जोड़ती है। म...